
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
गिरिडीह: गिरिडीह जिले के राजधनवार प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रविवार को राजधनवार के घोड़थम्बा स्थित हेल्थ लाइफ क्लीनिक का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता सुभाष प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यंत आवश्यकता है। हेल्थ लाइफ क्लीनिक जैसे संस्थान आम लोगों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से न केवल गंभीर बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि लोगों का जीवन स्तर भी बेहतर होता है।
वहीं राजद नेता सुभाष प्रसाद यादव ने कहा कि राजधनवार क्षेत्र में इस क्लीनिक की शुरुआत स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। यह क्लीनिक क्षेत्र के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।
क्लीनिक के संचालकों ने जानकारी दी कि हेल्थ लाइफ क्लीनिक में सामान्य रोगों के उपचार के साथ-साथ प्राथमिक जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, परामर्श सेवा तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भविष्य में यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है। उद्घाटन समारोह के दौरान वक्ताओं ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया और लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया और क्षेत्र के विकास व जनकल्याण के लिए इस तरह की पहल को निरंतर जारी रखने की बात कही गई।
इस अवसर पर राजद कार्यकर्ता, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।उक्त कार्यक्रम के दौरान डॉ रजनीश, डॉ रामसागर, डॉ विभास, डॉ अहमद, डॉ जमील समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
