गोड्डा से संजीव यादव की रिपोर्टः-
गोड्डा: झारखंड में बालू माफियाओं के हौंसले इस कदर बढ़ गये हैं कि वह पुलिस की ही पिटाई करने लगे हैं। पुलिस की पिटाई के कारण बालू तस्कर जब्त वाहनों को भी छुड़ाकर ले जाने में सफल रहे और पुलिस मार खाकर चुपचाप तमाशा ही नहीं देखने को मजबूर हुई बल्कि भागने पर भी विवश हुई। घटना रविवार को गोड्डा जिले के बसंतराय के एक पंचायत की है। बसंतराय की हिलाबै पंचायत के वरन गांव के समीप अवैध बालू लादकर जा रहे ट्रैक्टरों को पथरगामा थाने की पुलिस ने रविवार को रोका तो ग्रामीण हमलावर हो गए। दर्जनों महिला-पुरुषों ने लाठी-डंडे के साथ पुलिस पर हमला कर दिया। पथराव भी करने लगे। पुलिस इससे बचने की कोशिश करती रही। इसका फायदा उठाकर बालू तस्कर बालू लदे पांच ट्रैक्टरों को लेकर भाग निकले। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना में बसंतराय पुलिस को चोट आई है। पथरगामा थाना प्रभारी बलिराम राउत पुलिस टीम के साथ किसी कार्य से हिलावे गांव आए थे। वापसी के क्रम में देखा कि खट्टी नदी के समीप बालू लदे पांच ट्रैक्टर महेशपुर गांव के रास्ते में जा रहे थे। पुलिस ने पीछा कर सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो गांव से दर्जनों की संख्या में महिला व पुरुष लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और पुलिस दल पर हमला बोल दिया। 30 से 40 की संख्या में बालू तस्करों ने लाठी-डंडे से पुलिस पर हमला कर दिया। वे लोग अवैध बालू लदा ट्रैक्टर लेकर चले गए। आरोपितों को चिह्नित किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
