
लोहरदगाः भाजपा के अच्छे दिन अभी झारखंड में आने बाकी हैं। ये बातें बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कही है। लोहरदगा में बूथ सह शक्ति केन्द्र कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा और रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। नड्डा ने झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि अभी भाजपा के अच्छे दिन आने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास की गति को हमें थमने नहीं देना है, लक्ष्य हमारा सिर्फ एक है- अंत्योदय। हमें खुद को भाग्यशाली समझना चाहिए कि हमें यशस्वी पार्टी भाजपा का कार्यकर्ता बनने का मौका मिला। पार्टी के 56 दिनों तक चले सदस्यता अभियान में नए बने सदस्यों की कुल संख्या करीब 7 करोड़ है। 11 करोड़ सदस्य पहले से थे, अब 7 करोड़ नए सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभर में वृक्षारोपण भी किया। 72 हजार से ज्यादा स्थानों पर वृक्षारोपण हुआ। 19.66 लाख से ज्यादा वृक्ष इस सदस्यता अभियान के दौरान लगाए गए। ये किसी और राजनीतिक दल में संभव नहीं है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के अलावा देश में कोई भी ऐसा राजनीतिक दल नहीं है जो कार्यकर्ता पर आधारित हो, अन्य सभी पार्टियां परिवारवाद और वंशवाद के आधार पर चल रही हैं। भाजपा के कार्यकर्ता वॉल राइटिंग करके, नारे लगाकर, जनजागरण करते हुए, सदस्यता करते हुए शीर्ष पदों पर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कहते हैं कि भाजपा के सबसे अच्छे दिन आना अभी बाकी है। अभी पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना भी जीतना है। अभी हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हैं, आगे चलकर हमें अपना ही रिकॉर्ड तोड़ना है। उन्होंने कहा कि अगस्त महीने में ही ऐतिहासिक कार्य भी हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमित शाह ने अनुच्छेद 370 को संसद में एक ही दिन में धराशायी कर दिया। देशभर में इससे खुशी का माहौल है। अब एक संविधान होने के कारण जम्मू-कश्मीर में भी समान कानून लागू होंगे। जम्मू-कश्मीर के साथ 70 साल तक पीडीपी-एनसी-कांग्रेस के नेताओं ने बहुत अन्याय किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध करते हैं। इसका कारण वोट बैंक की राजनीति है। कांग्रेस भी जानती थी कि 370 देश के लिए उचित नहीं है, लेकिन उसके नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी की तरह हिम्मत नहीं थी कि इसे हटा सकें। जेपी नड्डा ने कहा कि अटलजी ने आदिवासी हितों को ध्यान में रखते हुए केवल झारखंड राज्य ही नहीं बनाया बल्कि जनजातीय मंत्रालय भी बनाया जिसके कारण झारखंड आज विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर है। कांग्रेस ने इतने वर्षों तक देश में शासन किया, लेकिन उसने हमेशा आदिवासी समुदाय को सिर्फ एक वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया। विपक्षी पार्टियों ने इस राज्य के भोले-भाले आदिवासियों को झूठे वादे करके धोखा दिया है। जिस राज्य में पहले भूखमरी से हजारों जाने जाती थी वहां आज हर घर राशन पहुंच रहा है। जहां पहले कच्चे सड़क की व्यवस्था भी नहीं थी, वहां पक्के रोड पहुंच गए हैं। जहां लोग नक्सलियों के डर से दिन में भी घरों से निकलने में हिचकिचाते थे वहां आज रात में भी निडर होकर अपने कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 14 में से 12 सीटें जीतकर आपने दिखा दिया कि हम राज्य की सभी सीटें जीत सकते हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में कहीं जातिवाद तो कहीं वंशवाद तो कहीं संप्रदायवाद गोलबंद हो रहा था। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कुशल नेतृत्व में करोड़ों कार्यकर्ताओं ने देश का विश्वास जीता। अखंड भारत हम सभी का सपना था। आप सभी कार्यकर्ता साथियों की मेहनत से जो बहुमत मिला उसी का नतीजा है कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटी है। आपकी मेहनत से ही देश को नरेंद्र मोदी का कुशल नेतृत्व मिला है। रघुवर दास ने कहा कि देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए एक मजबूत, स्थिर और दृढ़ इच्छाशक्ति वाली सरकार चाहिए।
