
बोकारो: झारखंड सरकार के खेल मंत्री अमर बाउरी पर आजसू के पुर्व मंत्री उमाकांत रजक ने झारखंडी नहीं होने का आरोप लगाया है और मंत्री को पश्चिम बंगाल का रहनेवाला बताया है जिसके कारण ही झारखंड के हितों के खिलाफ लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व मंत्री उमाकांत रजक ने कहा कि चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी झारखंड के मूल निवासी हैं ही नहीं। वे पश्चिम बंगाल के रहनेवाले हैं, इसीलिए उन्होंने झाविमो के टिकट पर चुनाव जीतकर यहां के मतदाताओं के विश्वास को दिल्ली की मंडी में बेचने का काम किया। भैरव महोत्सव के नाम पर सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है। चंदनकियारी प्रखंड के बोगुला मोड़ में सोमवार को आजसू द्वारा आयोजित बिनोद बिहारी महतो के जयंती समारोह में पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आगामी विधानसभा चुनाव में चंदनकियारी सीट से आजसू ही चुनाव लड़ेगी और विजयी भी होगी। इसके लिए उन्होंने अभी से ही कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का निर्देश दिया। कहा कि झारखंड में राजग गठबंधन का अधिक से अधिक सीटों पर कब्जा हो, इसके लिए भाजपा व आजसू सामूहिक रूप से मंथन कर रही है। अभी चंदनकियारी के भाजपा विधायक अमर बाउरी राज्य सरकार में मंत्री हैं। सुदेश ने कहा कि पिछले चुनाव के दौरान गठबंधन के तहत हुए बंटवारे में ही चंदनकियारी सीट आजसू के खाते में है। इसके पूर्व उन्होंने बोगुला मोड़ में स्व. बिनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
