

रिपोर्ट- अशोक कुमार
रांची: भाजपा ने विधानसभा चुनाव घोषणा होने के पहले ही विपक्षी दल कांग्रेस और झामुमो को चारो खाने चितकरने वाला दांव चला है। कागं्रेस के कद्दावर विधायक मनोज यादव और सुखदेव भगत को शामिल कराकर करारा हमला बोला है। जिसकों लेकर विपक्ष बगले झांकते हुए नजर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने विपक्षी दल कांग्रेस और झामुमो पर करारा हमला करते हुए उनके कद्दावर विधायकों को अपने खेमे में मिला लिया है।विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत और वरिष्ठ विधायक मनोज यादव ने भाजपा का दामन थामा। वहीं, झामुमो के तेजतर्रार विधायक कुणाल षाडंगी और झामुमो से निष्कासित जेपी पटेल भी भाजपा से जुड़े। नौजवान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके पूर्व आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव, पूर्व डीजीपी डीके पांडेय, रिटायर्ड आइएएस सुचित्रा सिन्हा और एआइसीसी सदस्य बजरंगी यादव भी भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के सह चुनाव प्रभारी नंद किशोर यादव ने सभी विधायकों, नेताओं और सेवानिवृत्त अफसरों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। मिलन समारोह के दूसरे चरण में ललित ओझा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। चुनाव से पूर्व हुए इस वृहद मिलन समारोह में भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी विधायकों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का पार्टी में स्वागत किया। कहा, देश में अब विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति चलेगी। इसी से प्रेरित होकर, समाज और राज्य के लिए कुछ करने की मंशा ने सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। यह राज्य के लिए सुखद दिन है। उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने जातिवाद व संप्रदायवाद की राजनीति को नकारते हुए विकास के प्रति जनादेश दिया है। इस देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश अब सुरक्षित हाथों में है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रह चुके मनोज यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास से प्रभावित होकर मै भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं। भाजपा की राष्ट्रवाद और विकास की सोच ने मुझे प्रभावित किया है। मै विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा की नीति व सिद्धांतों के अनुरूप पार्टी की सेवा करूंगा। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी व विकास की सोच से प्रभावित होकर वे भाजपा से जुड़ रहे हैं। कहा, मै पूरी निष्ठा के साथ भाजपा में शामिल हो रहा हूं। कांग्रेस पर कहा कि कांग्रेस मेरा अतीत रहा है, वहां का अनुभव सुखद रहा है। कांग्रेस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने को मेरे राजनीतिक संस्कार इजाजत नहीं देते। मै पूरी निष्ठा से भाजपा से जुड़ रहा हूं। झामुमो के निष्कासित विधायक जेपी पटेल ने झारखंड की सीमाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में बरही से बहरागोड़ा तक पूरे राज्य में भाजपा का झंडा लहराएगा। कहा, जेपी अब बीजेपी का हो गया है, पूरे राज्य में कमल खिलेगा। इस देश व राज्य को सिर्फ भाजपा ही चला सकती है। इस मिलन समारोह को राजनीतिक जानकार भाजपा का मास्टर स्ट्रोक करार दे रहे हैं।
