
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: झारखंड के फोटो जर्नलिस्टों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को रांची के बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर के मैदान में मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लैंसमैन-11 और फोकस-11 की टीमों के बीच 11-11 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जबकि मैदान पर मौजूद साथी फोटो जर्नलिस्टों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लैंसमैन-11 की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 102 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 45 रनों की आकर्षक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान कई शानदार चौके लगाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा अमित दास ने 17 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटे-छोटे योगदान देकर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। 103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फोकस-11 की शुरुआत भी सकारात्मक रही। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और रन गति को लगातार बनाए रखा। टीम के स्टार बल्लेबाज रूपेश नारायण ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 48 रन बनाए। उन्होंने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाते हुए अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत फोकस-11 ने 10.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय दिया। बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कई शानदार कैच, सटीक थ्रो और कसी हुई गेंदबाजी ने मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। मैदान पर प्रतिस्पर्धा जरूर देखने को मिली, लेकिन खिलाड़ियों के बीच आपसी मित्रता और सौहार्द पूरे समय कायम रहा। मैच समाप्त होने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने वाले रूपेश नारायण को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। लैंसमैन-11 के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह को उनकी बेहतरीन 45 रनों की पारी के लिए श्बेस्ट बल्लेबाजश् चुना गया। प्रभावी गेंदबाजी के लिए राजकुमार को बेस्ट गेंदबाज तथा मैदान पर शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन करने वाले बॉबी को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के मैत्रीपूर्ण खेल आयोजनों से फोटो जर्नलिस्टों के बीच आपसी सहयोग, एकजुटता और भाईचारा मजबूत होता है। व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच ऐसे आयोजन मानसिक तनाव को कम करने के साथ-साथ खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस तरह के मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का नियमित आयोजन करने पर सहमति जताई। टूर्नामेंट का समापन खिलाड़ियों के बीच आपसी बधाई, उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।
