जनता की सेवा ही मेरा संकल्प, लोगों की समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता : मनोज कुमार यादव

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
बरही: बरही विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक मनोज कुमार यादव ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान और युवा अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। विधायक ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, बिजली आपूर्ति में अनियमितता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी रहीं। कई ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में सड़कें खराब होने से बरसात के दिनों में आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं कई स्थानों पर चापाकल खराब रहने और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। महिलाओं ने विधवा पेंशन, स्वयं सहायता समूहों से जुड़े मामलों और सरकारी योजनाओं के लाभ में हो रही देरी की शिकायत की। युवाओं ने रोजगार के अवसर बढ़ाने, खेल सुविधाओं के विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने और कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

विधायक मनोज कुमार यादव ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने तत्काल दूरभाष पर अधिकारियों से बात कर आवश्यक कदम उठाने को कहा, जबकि अन्य मामलों को विभागीय प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता से निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को कायम रखना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ष्जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है और जन-आकांक्षाओं को पूरा करना ही मेरा लक्ष्य है। आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों की गति तेज करने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी हैं। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से आम लोगों को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि जिन समस्याओं को जनता दरबार में उठाया गया है, उनका शीघ्र समाधान होगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *