

रांची से उपेन्द्र कुमार की रिपोर्टः-
रांची: मुखर संवाद की खबरें मुखर होकर जनता के बीच आती है। यह साबित करने में मुखर संवाद सफल हुआ। मुखर संवाद ने खबर दी थी कि बाबूलाल मरांडी जेवीएम का विलय 17 फरवरी को करेंगे और विलय की औपचारिक घोषणा 11 फरवरी को केन्द्रीय कार्यसमिति में होगा। और हुआ भी ऐसा ही मुखर संवाद ने जो खबर जनता को दी थी वही हूबहू बाबूलाल मरांडी ने घोषणा की। जेवीएम की केंद्रीय कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल और पार्टी का भाजपा में विलय का प्रस्ताव पारित किया। रांची के चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में हुई केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में बाबूलाल मरांडी ने पार्टी विधायक दल और झारखंड विकास मोर्चा के भारतीय जनता पार्टी में विलय का प्रस्ताव रखा, जिसे केंद्रीय कार्यसमिति ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सर्वसम्मति से पारित किया। पार्टी के सभी नेता आगामी 17 फरवरी को विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो जाएंगे। बाबूलाल मरांडी ने कुल पांच राजनीतिक प्रस्ताव रखे। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मत रूप से पारित हुए। पहला प्रस्ताव बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के निष्कासन पर स्वीकृति का था। कार्य समिति की बैठक के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा उनका स्वाभाविक घर है, जहां उन्हें झाड़ू मारने का भी काम मिला तो उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे। 21 जनवरी को ही विधायक बंधु तिर्की और 6 फरवरी को विधायक प्रदीप यादव को अनुशासनहीनता के आरोप में जेवीएम से निष्कासित किया था। पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति ने इनके निष्कासन को उचित मानते हुए स्वीकृति दी। केंद्रीय कार्यसमिति ने जेवीएम विधायक दल का भाजपा विधायक दल में विलय के साथ-साथ जेवीएम का भाजपा में विलय करने का प्रस्ताव पारित किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 17 फरवरी को जगन्नाथ मैदान, धुर्वा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व अध्यक्ष अमित शाह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर की मौजूदगी में जेवीएम की पंचायत ईकाई से लेकर केंद्रीय कार्यसमिति के सभी सदस्य भाजपा में शामिल होंगे। बाबूलाल मरांडी ने भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से इस अवसर पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। बाबूलाल की घोषणा के बाद अब 17 फरवरी का इंतजार भाजपा नेताओ को भी है जब उसे विपक्ष का नेता भी मिलेगा।
