विधायक इरफान अंसारी पर राफिया नाज ने दर्ज कराया आपराधिक मुकदमा, विशेष अदालत कल करेगी सुनवाई

Jharkhand अपराध झारखण्ड राजनीति

मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी के विरूद्ध कल रांची में विशेष अदालत में आपराधिक मामले पर सुनवाई करेगी। सांसद और विधायकों के लिये बनी विशेष अदालत में अब मामले की सुनवाई कल यानि शुक्रवार को होनी है। एजेसी दिनेश कुमार की अदालत में विधायक इरफान अंसारी के विरूद्ध कल होनेवाली सुनवाई में धारा 153ए, 295 ए, 354 ए, 500,509,505 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। इरफान अंसारी के विरूद्ध योग शिक्षिका राफिया नाज ने मामला दर्ज कराया है। डोरंडा की योग शिक्षिका राफिया नाज ने कल ही न्यायिक दंडाधिकारी एके गुडिया की अदालत में जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी के खिलाफ मानहानि का शिकायतवाद दर्ज कराया था जिसकी सुनवाई आज होनी थी। इस मामले को आज विशेष न्यायालय में ट्रांसफर कर दिया गया है। विधायक पर स्त्री लज्जा भंग करने, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने, जान बूझ कर अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। पिछले महीने ही योग शिक्षिका ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि योग शिक्षा देना परेशानी का कारण बन गया है। आए दिन जान मारने की धमकी मिलती है। इससे वह काफी भयभीत हैं। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भी राज्य सरकार से योग शिक्षिका को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी। राफिया नाज बाबा रामदेव के संगठन से जुड़कर योगा बियोंड रिलीजन नामक संस्था चलाती हैं। राफिया नाज की ओर से शिकायतवाद में कहा गया है कि एक न्यूज चैनल को दिये इंटरव्यू में इरफान अंसारी ने उसके पहनावा को धर्म के खिलाफ बताया है। उन्होंने यहां तक कहा कि इस प्रकार का कपड़ा पहनकर वह अंग प्रदर्शन करती है। उसके इस कृत्य से समाज की अन्य लड़कियों पर गलत असर हो रहा है। फतबा भी जारी किए गए। घर पर हमला हुआ। इसकी सूचना जब डीजीपी को दी तो उन्होंने फटकार लगाते हुए फोन काट दिया। विधायक के प्रभाव के कारण पुलिस ने केस दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद कोर्ट में शिकायतवाद दर्ज करानी पड़ी। मुखर संवाद से बातचीत बातचीत करते हुए राफिया नाज ने कहा है कि विधायक इरफान अंसारी ने पूरे देश की महिलाओं का अपमान किया है और भारतीय संस्कृति को भी बदनाम करने का काम किया है। महिलाओं के इस अपमान को समाज माफ नहीं कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *