

मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: झामुमो के अंदर का विवाद अब खुलकर लालू प्रसाद के सामने आने लगा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो के अंदर सबकुछ अच्छा नहीं चल रहा है। पूर्व विधायक और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के बड़े बेटे दुर्गा सोरेन की पत्नी और जामा की विधायक सीता सोरेन ने आज सीएम हेमंत सोरेन की उपेक्षा से परेशान होकर लाूल प्रसाद यादव से गुहार लगायी है। सीता सोरेन ने मुलाकात कर झामुमो में अपनी उपेक्षा की दास्तां सुनायी है। एक तरह से कहें कि लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद अब यह अनुमान लगाया जाना चाहिये कि सीता सोरेन ने अपनी उपेक्षा से परेशान होकर हेमंत सोरेन पर दबाव डालने की रणनीति के तहत ही इस कार्य को सीता सोरेन ने किया है। हाल के दिनों में सीता सोरेन झामुमो के नेतृत्व के रवैये से काफी परेशान और नाराज हैं। इसे लेकर सीता सोरेन ने दो बार केन्द्रीय अध्यक्ष और अपने ससुर शिबू सोरेन को दो बार पत्र लिख चुकी हैं। हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी सीता सोरेन ने पत्र लिखकर अपनी समस्या का समाधान करना चाहा लेकिन हेमंत सोरेन की ओर से कोई जवाब नहीं आया। हालांकि शिबू सोरेन बिमार होन के बाद स्वस्थ हो चुके हैं लेकिन वह राजनीतिक समस्याओं को समाधान करने की स्थिति में नहीं है। इस कारण सीता सोरेन ने लालू प्रसाद से फरियाद लगाकर अपनी बात हेमंत सोरेन से मनवाने की रणनीति के तहत यह कदम उठाया है।
वहीं आज झारखंड के जामा विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक सीता सोरेन ने रिम्स डायरेक्टर के केली बंगले में इलाजरत चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद बाहर निकली सीता सोरेन ने कहा कि अगर मौका मिला तो वे बिहार चुनाव में राजद के लिए चुनाव प्रचार करना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि लालू यादव से उनके स्वास्थ्य का हालचाल भी लिया। लालू यादव से सीता सोरेन की मुलाकात को बिहार चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार में 12 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इन सीटों में तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुरगंज, रूपौली, प्राणपुर, बनमंखी, जमालपुर, पिरपैंती व चकाई विधानसभा सीट शामिल है।
इसी महीने के 12 सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी रिम्स निदेशक के केली बंगले में इलाजरत लालू यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बातचीत भी हुई थी। सीता सोरेन ने कहा कि वे लालू यादव के स्वास्थ्य के बारे में हाल-चाल लेने आई थीं। उन्होंने लालू यादव से अपनी मुलाकात को औपचारिक मुलाकात बताया और कहा कि लालू यादव से पारिवारिक रिश्ता है। बिहार चुनाव के संबंध में पूछे जाने पर सीता सोरेन ने कहा कि इस बारे में लालू यादव से कोई बातचीत नहीं हुई है। सीता सोरेन के लालू प्रसाद यादव से मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में खासकर झामुमो के खेमे में हलचल मच गयी है।
