
बिजली-पानी की किल्लत के विरोध में आप पार्टी ने राजभवन के सामने किया धरना-प्रदर्शन रांची: बिजली और पानी की कमी को लेकर जहां आम आदमी परेशान है वहीं राजनीतिक दलों को रघुवर सरकार के विरोध में मुद्दा भी हाथ लग गया है। बिजली और पानी के मोर्चे पर रघुवर सरकार काफी परेशान है और इसी परेशानी को राजनीतिक दल मुद्दा बनाकर जनांदोलन खड़ा करना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी राजधानी रांची में बिजली और पानी के लिए राजभवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. आप पार्टी ने कहा कि नगर निगम, नगर विकास विभाग और रघुवर सरकार की नीति और नीयत में खोट है. इसलिए लोगों को बिजली-पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है. लोगों की मूलभूत जरूरतों पर सरकार का ध्यान नहीं है.7 जून से लगातार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मिल रहे हैं. सभा करके नगर निगम, नगर विकास विभाग एवं रघुवर सरकार के झूठ से लोगों को अवगत करा रहे हैं. साथ ही यह अपील कर रहे हैं कि बिजली और पानी की किल्लत के खिलाफ उनके आंदोलन को अपना समर्थन दें.पार्टी के कार्यकर्ता एक शिकायत सह मांगपत्र जमा कर रहे हैं, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जायेगा, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मालूम हो कि राज्य में जनता किस हाल में है. राजन सिंह ने कहा कि नगर विकास मंत्री सीपी सिंह एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास जनमुद्दों पर लगातार झूठ बोल रहे हैं. दोनों जनता को धोखा दे रहे हैं. इनकी नीति एवं नीयत में खोट है. वर्षों से रांची शहर की जनता बिजली-पानी की किल्लत से जूझ रही है. स्थिति भयावह है. मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री, जो रांची के विधायक भी हैं, के सारे वादे झूठे साबित हुए हैं. ये लोग जनता से धोखा कर रहे हैं. ‘आप’ नेता ने कहा कि राजधानी रांची में 4 से 6 घंटे तक बिजली गुल रहती है. आसपास के जिलों में 8-8 घंटे तक बिजली कटती है.
