
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में छात्रों और पत्रकारों के साथ फिल्मों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फिल्म प्रेमी, मीडिया से जुड़े लोग और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अनुभव सिन्हा ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज को आईना दिखाने और जरूरी सवाल उठाने का सशक्त जरिया भी है। उन्होंने अपनी चर्चित फिल्मों के उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह विषय चयन, पटकथा और प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी की पहल से रांची प्रेस कल्ब की ओर से विभिन्न प्रसिद्ध हस्तियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा रांची प्रेस क्लब पहुंचे जहां उनका स्वागत संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, कार्यकरिणी सदस्य अशोक गोप, प्रतिमा कुमारी, चंदन वर्मा और विजय गोप ने किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने अनुभव सिन्हा से वॉलीवुड में कदम रखने से शुरूआत करने को लेकर सवाल किया तो वहीं प्रेस क्लब के सदस्यों अखिलेश सिंह और भरत भूषण प्रसाद ने सवालों को लेकर तत्पर दिखें।
अनुभव सिन्हा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि फिल्म निर्माण में धैर्य, ईमानदारी और निरंतर सीखने की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने वर्तमान सिनेमा, कंटेंट की जिम्मेदारी और दर्शकों की बदलती सोच पर भी अपने विचार रखे। बॉलीवुड में ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’, ‘थप्पड़’ और ‘रावण’ जैसी चर्चित और सशक्त फिल्मों का निर्देशन कर चुके अनुभव सिन्हा ने शहर में मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी नई फिल्म को लेकर कई बातें साझा कीं। मीडिया से बातचीत के दौरान अनुभव सिन्हा ने कहा कि फिल्म ‘अस्सी’ पूरी तरह से मनोरंजन से भरपूर है और इसे खास तौर पर कमर्शियल दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में दर्शकों को हँसी, मनोरंजन और कहानी का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा। अनुभव सिन्हा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुँचकर फिल्म देखें और भारतीय सिनेमा को सपोर्ट करें। उन्होंने भरोसा जताया कि ‘अस्सी’ दर्शकों को जरूर पसंद आएगी और उन्हें निराश नहीं करेगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने फिल्म निर्देशन, लेखन और फिल्म इंडस्ट्री में करियर से जुड़े सवाल पूछे। अनुभव सिन्हा ने सभी सवालों के सहज और प्रेरणादायक उत्तर दिए। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत और आभार व्यक्त किया।
