
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांचीः पत्रकारिता से जनप्रतिनिधित्व तक का सफर तय करने वाले अरविंद गुप्ता का रांची प्रेस क्लब में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ कई पत्रकार, उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अरविंद गुप्ता को फूल-मालाओं और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अपने सम्मान से अभिभूत अरविंद गुप्ता ने रांची प्रेस क्लब और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने उन्हें समाज की वास्तविक समस्याओं को समझने का अवसर दिया है, और अब जनप्रतिनिधि के रूप में वे उन समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने पद का उपयोग केवल और केवल जनहित के कार्यों के लिए करेंगे। अरविंद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, “मैंने हमेशा कलम के माध्यम से जनता की आवाज उठाई है, और अब जनप्रतिनिधि के रूप में उसी भावना के साथ काम करूंगा। छत्तरपुर नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में मौजूद रांची प्रेस क्ल्ब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि पत्रकारिता से जुड़े लोग अब राजनीति में आकर सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अरविंद गुप्ता अपने अनुभव और संवेदनशीलता के बल पर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
रांची प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह और संयुक्त् सचिव चंदन भट्टचार्य ने संबोधित करते हुए कहा कि अरविंद गुप्ता ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने हमेशा जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और आम लोगों की आवाज को मंच प्रदान किया। यही कारण है कि आज जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें छत्तरपुर नगर पंचायत का अध्यक्ष चुना है। वहीं मैनेजिंग कमेटी के सदस्य विजय गोप ने कहा कि एक पत्रकार का जनप्रतिनिधि बनना रांची प्रेस क्लब के सदस्यों को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान कर रहा है।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने अरविंद गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल के सफल और जनकल्याणकारी होने की कामना की।
इस अवसर पर रांची प्रेस क्लब का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां एक पत्रकार के जनप्रतिनिधि बनने की यात्रा को सराहा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सचिव अभिषेक सिन्हा, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य सहित कार्यसमिति के सदस्यों ने अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान विजय गोप, अशोक गोप, पूर्व कोषाध्यक्ष जय शंकर, संतोष गुप्ता, अक्षय तिवारी, जेमिनी सरकार और सुपरवाइजर शिशुपाल समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
