
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम **’मन की बात’** के सामूहिक श्रवण के बाद भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राजधानी रांची के खिजरी विधानसभा क्षेत्र में **’एक पेड़ माँ के नाम’** अभियान के तहत पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि *’मन की बात’* आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी का सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। डॉ. प्रदीप वर्मा ने खिजरी विधानसभा क्षेत्र के सिलवे मानकीढीपा स्थित बूथ संख्या-169 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण किया और सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के *’मन की बात’* कार्यक्रम ने समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर लगातार जनजागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार लोगों को सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया **’एक पेड़ माँ के नाम’** अभियान भावनात्मक रूप से लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का अनूठा प्रयास है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो देश में हरित क्रांति का मजबूत आधार तैयार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और बेहतर जीवन का आधार भी बनते हैं। इसलिए केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास खाली स्थानों पर पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। पौधों का वितरण करते हुए सभी ने अपने-अपने गांव और मोहल्लों को अधिक हरित बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पौधारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर भी जोर दिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशभर में अनेक जनअभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें आम लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उनका मानना है कि जनसहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा प्रलेखन विभाग के प्रदेश संयोजक अमित चरण, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा, महामंत्री मनसा महतो, रोहन पाहन, उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, केडी सिंह, सिलवे पंचायत समिति सदस्या श्रुति मुंडा, वरिष्ठ नेता गाजू महतो, रामकृष्ण महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
