सेवा संकल्प अभियान को जनअभियान बनाने का भाजपा का संकल्प, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति

oplus_140509184

मुखर संवाद के लिए शिल्पी यादव की रिपोर्ट
’’रांची।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी अभियान की जानकारी देने के लिए भाजपा रांची पश्चिमी जिला की ओर से रातू के काठीटांड में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रही है। उनके नेतृत्व में देश में विकास के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिले हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की जनसेवा की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करेंगे। डॉ. वर्मा ने कहा कि यह अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति संकल्प को मजबूत करने वाला व्यापक जनअभियान है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह ने की। उन्होंने अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावना रखते हुए बताया कि एक महीने तक विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दीप प्रज्वलन से लेकर सेवा यात्राओं तक कार्यक्रम
अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत प्रत्येक घर और विशेष रूप से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकारी एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को 30 मिनट की नाट्य प्रस्तुति के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को वीडियो, रील और फोटो के माध्यम से सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत टोलियों द्वारा दोनों शहरों की यात्रा कर पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक व्यक्ति को एक सेवा कार्य करने का संकल्प दिलाया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से विधानसभा और प्रखंड स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। अभियान में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं। अक्टूबर में देश के चार प्रमुख शहरों में सुशासन सेवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला प्रभारी शशि भूषण भगत, कार्यक्रम संयोजक सह जिला महामंत्री सुधाकर चौबे, अमित गोप, सुबोध साहू समेत भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *