असम के सीएम हिमांता विस्वा सरमा ने किया देवघर में पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल का उद्घाटन, संथालपरगना और बिहार के मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड बिहार राजनीति शिक्षा जगत


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
देवघर। देवघर के दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में बुधवार को ’’सुपर स्पेशलिस्ट पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर’’ का उद्घाटन किया गया। अस्पताल का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने किया। समारोह में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अस्पताल के शुरू होने से संथालपरगना क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। उद्घाटन समारोह में हिंदुजा ग्रुप के सीईओ गौतम खन्ना, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉ. अनामिका गौतम, एम्स के निदेशक डॉ. नितिन गंगने, डॉ. सुनील खवाड़े समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी गयी। नवनिर्मित अस्पताल में गंभीर और आपात स्थिति वाले मरीजों के इलाज के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। अस्पताल में ’’24 घंटे आपातकालीन सेवा’’, आधुनिक ट्रॉमा केयर, आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, कैथ लैब तथा अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था की गयी है। इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि देवघर में इस तरह की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल का लाभ केवल संथालपरगना के लोगों को ही नहीं, बल्कि बिहार के मरीजों को भी मिलेगा। गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों में जाने की परेशानी कम होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों को अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा आधुनिक चिकित्सा संसाधनों का लाभ मिल सकेगा। देवघर धार्मिक नगरी के साथ-साथ अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मजबूत कर सकता है। बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और हिंदुजा समूह की पहल से शुरू हुए इस अस्पताल को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संथालपरगना के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ सहित आसपास के जिलों के मरीजों के साथ बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है। अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा, ट्रॉमा केयर और गंभीर रोगियों के उपचार के लिए उपलब्ध सुविधाएं विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सा और आधुनिक तकनीक एक ही परिसर में उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान सुविधा मिलेगी। उद्घाटन के साथ ही देवघर में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नये अध्याय की शुरुआत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *