विश्वकर्मा पूजा महोत्सव में कौशल प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा,बुजुर्गों-महिलाओं का सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट बांटी

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
’’रांची।’’ नामकुम टाटीसिल्वे रेलवे गुड्स शेड ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, नामकुम रेलवे स्टेशन की ओर से भव्य श्री श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड सरकार के कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा समेत कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद मंत्री संजय प्रसाद यादव और सांसद प्रदीप वर्मा ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
मौके पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने नामकुम में जल्द ही कौशल प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को हुनरमंद बनाना समय की जरूरत है। कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। नामकुम में प्रस्तावित कौशल प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने विश्वकर्मा पूजा महोत्सव के आयोजन के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूजा और धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ना समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है। एसोसिएशन की ओर से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने आयोजकों के सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के संरक्षक राजदेव यादव ने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज के लिए कुछ बेहतर करने का है। उन्होंने कहा कि पूजा महोत्सव के माध्यम से लोगों को एकजुट करने के साथ जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास किया जाता है। समाज के विभिन्न वर्गों को सहयोग और सम्मान देने की परंपरा को आगे भी जारी रखा जाएगा।
वाईबीएन विश्वविद्यालय के संस्थापक रामजी सिंह यादव ने कहा कि आज के समय में कौशल विकास युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वाईबीएन विश्वविद्यालय भी कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास होना चाहिए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने कहा कि नामकुम टाटीसिल्वे रेलवे गुड्स शेड ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन सामाजिक कार्यों में भी लगातार रुचि लेता रहा है। संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करता है और जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव ने समाज में पिछे पायदान पर खड़े लोगों की मदद की सराहना की है।
वहीं श्रीराम फाइनंेस की ओर से छात्रवृति और अधिक संख्या में देने का वादा भी किया गया। प्रभात खबर के संपादक विजय पाठक, आजद सिपाही के संपादक राकेश सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। मंच का संचालन साधु यादव की ओर से किया गया है।
’’बुजुर्गों और महिलाओं का सम्मान’’
विश्वकर्मा पूजा महोत्सव के दौरान हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बुजुर्गों और महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें वस्त्र भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि बुजुर्ग समाज के अनुभव और मार्गदर्शन के स्रोत हैं, जबकि महिलाओं की सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना भी जरूरी है। सम्मान समारोह में लोगों ने एसोसिएशन की इस पहल की सराहना की।
’’मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति’’
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं के बीच छात्रवृत्ति का वितरण किया गया। इसके अलावा स्कूली बच्चों को पढ़ाई की सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। आयोजकों ने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसके लिए संगठन अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने का प्रयास कर रहा है। छात्रवृत्ति और शैक्षणिक सामग्री मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
’’खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट’’
इस वर्ष एसोसिएशन की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सैकड़ों खिलाड़ियों के बीच स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। आयोजकों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है। स्पोर्ट्स किट मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में सुविधा होगी।
’’निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर’’
महोत्सव के दौरान लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के कई शिविर भी लगाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य की जांच करायी। चिकित्सकों ने जांच के बाद लोगों को आवश्यक परामर्श भी दिया। पूजा महोत्सव के साथ स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था किए जाने से स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिला।
समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य, ट्रक ऑनर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों ने महोत्सव को जनसरोकार से जोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *