शिवराज होंगें मध्यप्रदेश में भाजपा के महाराज, आज रात 9 बजें लेंगें शपथ

देश राजनीति

भोपाल से रजन यादव की रिपोर्ट
भोपाल: मध्यप्रदेश में फिर से शिवराज की सरकार आज रात से ही आ जायेंगी और भाजपा के नये महाराज के रूप में फिर से शिवराज सिंह चैहान मुख्यमंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चैहान वे आज रात 9 बजे राजभवन में शपथ लेंगे। 20 मार्च को कमलनाथ के इस्तीफे के बाद सीएम पद की दौड़ में शिवराज ही सबसे मजबूत दावेदार थे। वे 2005 से 2018 तक लगातार 13 साल सीएम रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मध्यप्रदेश के इतिहास में पहला मौका होगा, जब कोई चैथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। शिवराज के अलावा अब तक अर्जुन सिंह और श्यामाचरण शुक्ल तीन-तीन बार सीएम रहे हैं। इस बार शिवराज के साथ-साथ नरेंद्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा के नाम की भी चर्चा थी। माना जा रहा है कि भाजपा आलाकमान ने शिवराज के नाम ही मुहर लगा दी है और शाम 6 बजे विधायक दल की बैठक के बाद इसका ऐलान कर दिया जाएगा। 15 सालों तक सत्ता में रही भाजपा सरकार जब दिसंबर 2018 में चुनाव हार गई, तो उसके बाद शिवराज सिंह चैहान के राजनीतिक करियर पर भी सवाल खड़े होने लगे थे। खबरें थीं कि शिवराज को केंद्र में भेजा जा सकता है लेकिन उन्होंने मध्य प्रदेश में ही रहने की इच्छा जताई। शिवराज हार के बाद भी प्रदेश में सक्रिय रहे। शिवराज ने इसी साल जनवरी में सिंधिया से मुलाकात भी की थी। हालांकि, इसे उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया था। मध्यप्रदेश में हाल ही में 17 दिन तक चले सियासी ड्रामे से सबसे ज्यादा फायदे में शिवराज रहे। भाजपा के पास 106 विधायक हैं। 4 निर्दलीय उसके समर्थन में आए तो भाजपा़ की संख्या 110 हो जाती है। 24 सीटों पर उपचुनाव होने पर भाजपा को बहुमत के लिए 7 और सीटों की जरूरत होगी। अगर निर्दलीयों ने भाजपा का साथ नहीं दिया तो उपचुनाव में पार्टी को कम से कम 9 सीटें जीतनी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *