

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
’गोड्डा / रांची: गोड्डा के करोका मोड़ से बड़हरा तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास हाल ही में किया गया था, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी और उम्मीद की नई किरण जगी थी। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने इस विकास कार्य के शिलान्यास बोर्ड को तोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। इस घटना पर नाराजगी जताते हुए उद्योग और श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि “यह कृत्य बेहद निंदनीय है। कुछ लोग विकास की राह में रोड़े अटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बोर्ड तोड़ने से विकास रुकने वाला नहीं है।” मंत्री ने आगे कहा कि सरकार जनता के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है और सड़क निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी कहा कि “जनता सब समझती है और ऐसे लोगों को पहचानती है जो विकास की राह में बाधाएं डालते हैं। जनता समय आने पर विकास में बाधा डालने वालों को सबक सिखाने का काम करेगी।
