मुखर संवाद के लिए शिल्पी यादव की रिपोर्ट

रांची : झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की आयुक्त अल्का तिवारी ने आज नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी है। राज्य के सभी 48 शहरी निकायों में एक ही दिन 23 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना 27 फरवरी को कराई जाएगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होकर 4 फरवरी तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को होगी। उम्मीदवार 6 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
ट्रिपल टेस्ट के बाद पहली बार चुनाव
यह नगर निकाय चुनाव कई मायनों में खास माने जा रहे हैं। ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद राज्य में पहली बार नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। इन चुनावों में कुल 48 निकाय शामिल हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत हैं। वर्ष 2020 से ही इन निकायों के चुनाव लंबित थे। उस समय कोरोना महामारी के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। इसके बाद ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट को लेकर निर्णय में देरी होती रही। अंततः हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।
