
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर के महिलौंग स्थित बिरला नॉलेज सिटी में तीन दिवसीय नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चौंपियनशिप 2025- 26 का भव्य शुभारंभ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए 450 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता शतरंज प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इनमें झारखंड के लगभग 150 प्रतिभागी भी शामिल हैं। कुल 6 लाख रुपये की इनामी राशि वाली इस चौंपियनशिप के पहले दिन बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति देखने को मिली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रांची की निर्वाचित मेयर रोशनी खलखो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल युवाओं में एकाग्रता, रणनीतिक सोच और धैर्य विकसित करते हैं। उन्होंने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
