
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांचीः माह- ए- रमज़ान के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के रांची स्थित स्मार्ट सिटी आवास पर भव्य दावत-ए- इफ्तार का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की ही तरह इस वर्ष भी मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा आयोजित यह इफ्तार कार्यक्रम बेहद भव्य और ऐतिहासिक रहा, जिसमें झारखंड के राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के साथ हजारों लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ’झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित रहे, जबकि गांडेय विधायक कल्पना सोरेन विशिष्ट अतिथि’ के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम में ’झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो पूर्व सांसद फुरकान अंसारी सहित राज्य सरकार के कई मंत्रीगण -संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडे, सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र महतो, शिल्पी नेहा तिर्की और हाफिजुल अंसारी’ की उपस्थिति रही।https://youtu.be/T6ABF_8nzf8
इस भव्य इफ्तार कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें केवल रांची ही नहीं बल्कि राज्य के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, जामताड़ा, चाईबासा, पलामू, चतरा समेत कई जिलों से आए लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राज्यव्यापी स्वरूप दे दिया। स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर इफ्तार के लिए शानदार और व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। लोगों की भारी भीड़ के कारण पूरा परिसर उत्साह, उमंग और भाईचारे की भावना से सराबोर नजर आया। हर तरफ लोगों के चेहरों पर खुशी और आपसी प्रेम साफ झलक रहा था। इफ्तार के समय सभी ने एक साथ बैठकर रोज़ा खोला और देश और झारखंड में अमन, शांति, तरक्की और भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि ’“रमज़ान का महीना हमें सब्र, सेवा, त्याग और इंसानियत का संदेश देता है। यह महीना समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है।”
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में सभी समुदायों के लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की पहचान आपसी सद्भाव, एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब से है। डॉ. अंसारी ने कहा है कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को और मजबूत करने का कार्य करते हैं। काफी संख्या में आम लोगों की सभागिता ,गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच यह भव्य दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम झारखंड की सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया।
इसके साथ ही बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने इस आयोजन में भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से ’विधायक सरयू राय, हेमलाल मुर्मू, राजेश कच्छप, नमन बिक्सल कोंनगाड़ी, समीर कुमार मोहंती, सुरेश कुमार बैठा, अरुप चटर्जी, मथुरा प्रसाद महतो, चुना सिंह, मंगल कालिंदी और रामचंद्र सिंह, विधायक मनोज यादव, विधायक टी राजा’ सहित कई अन्य विधायक शामिल हुए।
कार्यक्रम में ’स्वास्थ्य विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम निदेशक शशि प्रकाश झा,रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार, रिम्स सुपरीटेंडेंट हीरेन्द्र बिरवा’ सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
