
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
बरही के बीजेपी विधायक मनोज कुमार यादव ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी से मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्याओं पर मांग पत्र सौंपा। महतो आहर आरसीडी और गझंडी रोड के जुड़ाव पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गोलंबर के निर्माण की मांग की है। चंदवारा-पिपराडीह क्षेत्र डिग्री कॉलेज और स्कूल के लगभग 3000 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा हेतु फुट-ओवरब्रिज या गोलंबर के निर्माण की मांग की। इसके साथ ही फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने का आग्रह करते हुए चौपारण और बरकठा में चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य में गति लाने को कहा है।
बरही विधानसभा क्षेत्र के चौपारण से दनुआ घाटी (भाया चोरदाहा) तक जल्द सड़क चौड़ीकरण करने एवं दनुआ घाटी को BLACK SPOT चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री जी ने इन मांगों को गंभीरता से सुना और जनसुरक्षा को देखते हुए विभागीय जांच व त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इसके साथ ही दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बरही क्षेत्र के विधायक ने मुलाकात कर क्षेत्र की जर्जर सड़कों और अधूरे परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान विधायक मनाजे कुमार यादव ने बताया कि बरही और आसपास के इलाकों में कई महत्वपूर्ण राष्अ्रीय राजमार्ग की सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक मनाजे कुमार यादव ने विशेष रूप से प्रमुख संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण, मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और व्यापार तथा शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिसे तत्काल सुधार की आवश्यकता है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक मनोज कुमार की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और बरही क्षेत्र की समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देने की बात कहते हुए यह भी संकेत दिया कि जल्द ही इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य अब तेजी से पूरे होंगे। इस मुलाकात को क्षेत्रीय विकास के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है और स्थानीय जनता को अब ठोस कार्रवाई की प्रतीक्षा है।
