
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांचीः राजधानी रांची में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं वरिष्ठ समाजसेवी नवल किशोर पासवान की मौत हो गयी । आज सुबह करीब 8ः 30 बजे कांके रोड स्थित क्षेत्र में एक कपिल बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नवल किशोर पासवान पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। वे कई सामाजिक एवं जनकल्याणकारी संगठनों के साथ मिलकर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार कार्य कर रहे थे। कुछ ही दिन पहले उनके पुत्र का भी निधन लंबी बिमारी के कारण हो गया था। उनके निधन की खबर से सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नवल किशोर पासवान अपने सरल स्वभाव, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।
