गुरु पूर्णिमा पर मोरहाबादी योग सेंटर में गुरु के प्रति श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, सम्मान, संगीत और सामूहिक भोज के बीच गूंजा एकता और समरसता का संदेश

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: सुबह की हल्की ठंडी हवा,बारिश की रिमझिम बूंदें, पेड़ों के बीच गूंजते पक्षियों के स्वर और मोरहाबादी मैदान के एक कोने में सैकड़ों लोगों के चेहरों पर सजी मुस्कान। बुधवार की सुबह मोरहाबादी स्थित योग सेंटर का दृश्य कुछ अलग ही था। अवसर था गुरु पूर्णिमा का और अपने प्रिय गुरुजी के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए योग परिवार एक छत के नीचे जुटा था। कहीं पुष्पगुच्छ सजाए जा रहे थे तो कहीं सुरो की साज छेड़ी जा रही थी। योग साधकों के बीच उत्साह ऐसा था, मानो किसी परिवार में बड़ा उत्सव मनाया जा रहा हो। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना से हुई। इसके बाद जैसे ही वर्षों से निस्वार्थ भाव से योग सिखाने वाले योग गुरु ’’गजेन्द्र सिंह’’ को मंच पर आमंत्रित किया गया, पूरा चिल्ड्रेन पार्क का परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। योग साधकों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान ग्रहण करते ही गजेन्द्र सिंह की आंखें नम हो गईं। भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि जीवन में अनेक सम्मान मिले, लेकिन अपने योग परिवार से मिला यह स्नेह उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, विचार और समाज को जोड़ने वाली साधना है। यही कारण है कि योग करने वाले लोग उन्हें प्यार से गुरुजी कहकर पुकारते हैं और यही संबोधन उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मुख्य अतिथि सीबीआई, झारखंड के प्रमुख सलीम खान ने कहा कि 75 वर्ष की आयु में भी गजेन्द्र सिंह की ऊर्जा और स्फूर्ति युवाओं को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और सेवा भाव ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने गुरुजी के स्वस्थ और सक्रिय जीवन को योग की शक्ति का जीवंत उदाहरण बताया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षण में विशेष योगदान देने वाले कमल अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-दो की पार्षद सविता कच्छप को जनसेवा के लिए सम्मान मिला। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुखर संवाद के संपादक अशोक गोप और संवाददाता शिल्पी यादव को भी सम्मानित किया गया। समारोह में सीबीआई के झारखंड प्रमुख सलीम खान का भी अभिनंदन किया गया। योग सेंटर की नियमित महिला साधकों ने इस आयोजन को विशेष रंग दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं पूरे उत्साह के साथ गुरु वंदना, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुईं। कई महिलाओं ने बताया कि योग ने उनके जीवन में स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास और मानसिक शांति भी बढ़ाई है।
औपचारिक कार्यक्रम समाप्त होते ही माहौल पूरी तरह बदल गया। मंच पर संगीत शुरू हुआ और रोज़ सुबह योगासन करने वाले साधक गीतों की धुन पर झूम उठे। भक्ति गीतों से लेकर पुराने फिल्मी गीतों तक माहौल रंगीन हो गया। कोई तालियां बजा रहा था, कोई नृत्य कर रहा था और कोई मोबाइल में इन यादगार पलों को कैद कर रहा था। ऐसा लग रहा था कि योग परिवार केवल स्वास्थ्य ही नहीं, खुशियों को भी साझा करना जानता है।
समारोह में झारखंड चौंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष सज्जन सर्राफ, रांची के प्रसिद्ध व्यवसायी कमल सिंघानिया, समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोहर यादव, झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट पुनीत कुमार,जोहार पार्टी के अध्यक्ष कुशवाहा विजय कुमार महतो , जीएसटी विभाग के अधिकारी सुनील कुमार सिन्हा, रतन वर्मा, मुकिम अहमद और उदय सिंह,रमेश वर्मा, ललित चौधरी,पनूम मिश्रा, नेहा पांडे, उषा दारूका, हेमलता मिश्रा, जागृति कनौरिया, प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ। सभी प्रतिभागी बिना किसी भेदभाव के एक पंक्ति में बैठे और साथ भोजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जीएसटी विभाग के अधिकारी सुनील कुमार सिन्हा और अधिवक्ता विनोद सिंह ने किया।गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि यह इस बात का जीवंत उदाहरण भी बना कि योग लोगों को स्वस्थ बनाने के साथ-साथ समाज को जोड़ने, रिश्तों को मजबूत करने और गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *