
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: रांची जिले के नए सिविल सर्जन के रूप में डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया तथा डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि आम लोगों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी टीम के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनहितैषी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, मरीजों को समय पर उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पतालों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता केवल एक व्यक्ति के प्रयासों से संभव नहीं होती, बल्कि पूरी टीम की प्रतिबद्धता और सहयोग से बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि रांची जिले में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा है।
https://youtu.be/XDJeIm0dmZcडॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जिले के स्वास्थ्यकर्मियों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सका। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा। समारोह के दौरान उपस्थित चिकित्सकों और अधिकारियों ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासनिक दक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वक्ताओं ने उनके शांत, सरल और सहयोगात्मक कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डॉ. असीम मांझी, जिला क्षय रोग पदाधिकारी (डीटीओ) डॉ. एस. बास्की, डॉ. प्रभावती सहित सिविल सर्जन कार्यालय के जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रांची जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। वहीं, डॉ. प्रभात कुमार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नई जिम्मेदारी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के संकल्प और सफल कार्यकाल की शुभकामनाओं का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।
