दामोदर सेमीफाइनल में, अजय का सफर थमा, कोयल, शंख और कारो ने भी जीत से खोला खाता, चारों मुकाबलों में हुआ एक-एक गोल

Jharkhand उत्तरप्रदेश खेल झारखण्ड देश


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-

रांची: बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जा रहे रांची प्रेस क्लब मीडिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन रविवार को मैदान पर रोमांच और संघर्ष का नजारा देखने को मिला। दिन के चारों मुकाबले बेहद कांटे के रहे और सभी मैचों का फैसला एक-एक गोल से हुआ। दामोदर, कोयल, शंख और कारो ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन अंक हासिल किए। लगातार दूसरी जीत दर्ज करने वाली दामोदर की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि लगातार दो हार के बाद अजय की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। टूर्नामेंट के दूसरे दिन खिलाड़ियों में जीत की भूख साफ दिखाई दी। शुरुआती सीटी से ही टीमों ने आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि, मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के कारण अधिकतर मौकों पर गोल नहीं हो सके। यही वजह रही कि चारों मुकाबलों में एक ही गोल देखने को मिला। एक गोल की बढ़त को बचाने के लिए खिलाड़ियों ने अंतिम मिनट तक पूरा जोर लगाया।

’’दामोदर ने गंगा को दी मात’’
दिन के पहले मुकाबले में दामोदर ने गंगा को ’’1-0’’ से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच शुरू से ही कड़ा मुकाबला हुआ। गंगा ने बराबरी के लिए कई अच्छे प्रयास किए, लेकिन दामोदर की रक्षापंक्ति ने उसके हमलों को सफल नहीं होने दिया। दामोदर ने मिले अवसर को गोल में बदलकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार खेल के लिए ’’आरजे अरविंद को मैन ऑफ द मैच’’ चुना गया। इस जीत के साथ दामोदर ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
’’कृष्ण कुमार शर्मा के गोल से जीती कोयल’’
दूसरे मुकाबले में कोयल ने अमानत को ’’1-0’’ से पराजित किया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज और आक्रामक फुटबॉल खेली। कोयल की ओर से ’’कृष्ण कुमार शर्मा ने एकमात्र निर्णायक गोल’’ किया। इसके बाद अमानत ने वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कोयल के खिलाड़ियों ने उसकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया। निर्णायक गोल करने वाले कृष्ण कुमार शर्मा को ’’मैन ऑफ द मैच’’ का पुरस्कार दिया गया।
’’शंख ने अजय की उम्मीदों पर लगाया विराम’’
तीसरे मुकाबले में शंख ने अजय को ’’1-0’’ से शिकस्त दी। मैच में दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ। अजय की टीम ने गोल कर बराबरी हासिल करने की कोशिश की, लेकिन शंख की रक्षापंक्ति के सामने उसके प्रयास बेअसर रहे। शंख की ओर से किया गया एकमात्र गोल निर्णायक साबित हुआ। शानदार प्रदर्शन के लिए ’’रंजीत कुमार को मैन ऑफ द मैच’’ चुना गया। लगातार दूसरी हार के साथ अजय की टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
’’निर्भय के गोल से कारो विजयी’’
दिन के अंतिम मुकाबले में कारो ने भैरवी को ’’1-0’’ से हराया। मुकाबले में दोनों टीमों ने कई अच्छे मूव बनाए। कारो के खिलाड़ियों ने मिले अवसर का फायदा उठाते हुए गोल किया और बढ़त बना ली। भैरवी ने बराबरी के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। कारो की जीत में निर्णायक गोल करने वाले ’’निर्भय को मैन ऑफ द मैच’’ चुना गया। मीडिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट में प्रेस क्लब से जुड़े खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार भी मौजूद रहे। मैदान के बाहर भी खिलाड़ियों और पत्रकारों में मुकाबलों को लेकर उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य मीडिया जगत से जुड़े लोगों को खेल के माध्यम से एक मंच पर लाना और आपसी सौहार्द एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। दामोदर के सेमीफाइनल में पहुंचने और अजय के बाहर होने के बाद अब प्रतियोगिता के अगले मुकाबलों को लेकर रोमांच और बढ़ गया है। अन्य टीमें भी सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *