
मुखर संवाद के लिए शिल्पी यादव की रिपोर्ट
*************************************
रांची/पिपरवार : सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र के खिलाड़ी अमोल कांत मिश्रा का 26वीं विश्व मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन होने से पूरे पिपरवार क्षेत्र, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), झारखंड तथा देशभर में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को खेल जगत के साथ-साथ सीसीएल परिवार के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वही रांची में मोरहाबादी के संकल्प वाटिका परिवार में काफी गर्व की अनुभूति हो रही हैं l श्री मिश्रा आगामी 22 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक दक्षिण कोरिया के डेगू शहर में आयोजित होने वाली 26वीं विश्व मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अमोल कांत मिश्रा का विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यही निरंतर सफलता उन्हें विश्व मास्टर एथलेटिक्स तक लेकर पहुंची है।
झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अमोल कांत मिश्रा ने लॉन्ग जंप, 400 मीटर दौड़ तथा रिले रेस में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की थी। इसके बाद बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप, रिले रेस तथा 1600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर इस उल्लेखनीय सफलता के आधार पर उनका चयन विश्व मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया गया। खेल प्रेमियों का कहना है कि अमोल कांत मिश्रा की उपलब्धि न केवल पिपरवार क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह साबित करती है कि समर्पण, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। सीसीएल के खिलाड़ियों के लिए भी यह गौरव का विषय है कि उनके बीच से एक खिलाड़ी विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहा है।
विश्व मास्टर एथलेटिक्स के लिए चयनित होने पर अमोल कांत मिश्रा को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। पिपरवार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों तथा सीसीएल अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्व प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।
अपनी इस उपलब्धि पर अमोल कांत मिश्रा ने कहा कि यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के सहयोग और विश्वास का परिणाम है जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वे विश्व प्रतियोगिता में भारत का तिरंगा ऊंचा करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उतरेंगे।
श्री मिश्रा ने इस अवसर पर अपने सहयोगियों, शुभचिंतकों और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से अभय सिंह, इस्लाम अंसारी, रविंद्र नाथ सिंह, पिपरवार जीएम नागेश गोपाल, जीएम संजीव कुमार, रंगनाथ चौबे, वीरेंद्र कुमार, शैलेंद्र सिंह, के.के. दयाल, सुबोध गुप्ता, विभूति प्रसाद, पूर्व मेयर अशोक सिंह, आई.सी. सिंह, रंजीत चौरसिया, कैप्टन साकेत चौधरी, निशिकांत कुमार सहित सभी ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों, आरआरआर के सभी साथियों तथा संकल्प वाटिका परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती।
पिपरवार क्षेत्र में अमोल कांत मिश्रा के चयन को लेकर उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्व मास्टर एथलेटिक्स में उनका चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। सभी को उम्मीद है कि दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत, झारखंड और सीसीएल का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर और ऊंचा करेंगे। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि यदि प्रतिभा को मेहनत और सही मार्गदर्शन का साथ मिले तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
