

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: खेल के मैदान में जब प्रतिभा, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का संगम हुआ तो सैकड़ों बच्चों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। किसी ने अपनी एकाग्रता और सटीक निशाने से प्रभावित किया तो किसी ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय देकर अपनी प्रतिभा साबित की। मौका था अर्थ फाउंडेशन एवं रांची जिला वुडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रांची कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक दिवसीय स्वर्गीय राधा देवी स्मृति वुडबॉल प्रतियोगिता 2026 का। प्रतियोगिता में रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे सैकड़ों बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। बालक एवं बालिका वर्ग के जूनियर और सीनियर मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अलग-अलग विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। वहीं, अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद लोगों ने भी उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका, समाजसेविका दीपा बंका, भाजपा महानगर प्रवक्ता विश्वजीत सिंह, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, झारखंड राज्य वुडबॉल संघ के सचिव गोबिंद झा और समाजसेवी रूपम झा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
समाजसेवी रूपम झा ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। खेल से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि रांची जिले में अनेक ऐसी प्रतिभाएं हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने पर वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। ऐसे आयोजनों से इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
भाजपा महानगर प्रवक्ता विश्वजीत सिंह ने कहा है कि आज के दौर में बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ खेलों से जुड़ना भी जरूरी है। वुडबॉल जैसे खेलों के माध्यम से बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और तकनीकी कौशल विकसित होता है।
प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में पीयूष उपाध्याय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। यश ठाकुर दूसरे, मनीष उरांव तीसरे और अहमद बेलाल चौथे स्थान पर रहे। जूनियर बालिका वर्ग में श्रेया शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सुहानी कुमारी दूसरे, सलोनी हांसदा तीसरे, श्रीनिधि उरांव चौथे और आरोही कुमारी पांचवें स्थान पर रहीं। सीनियर बालक वर्ग में शुभम शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आशुतोष कुमार दूसरे और मनीष कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग में सबनम बरैकि ने प्रथम स्थान हासिल किया। सत्यमणी कुजूर दूसरे और ज्योति कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय राधा देवी की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। प्रतियोगिता को सफल बनाने में गोबिंद झा, सरवर अंसारी, बंटी टोप्पो, निखिल खल्खो, अजीत गोप, स्मिता सरकार और नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आयोजकों ने आभार जताया। इसकी जानकारी देव पूजन ठाकुर ने दी।


