आईसीआईसीआई बैंक में सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के 29 विद्यार्थियों का चयन,रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर मिला अवसर, अधिकतम 5.50 लाख रुपये सालाना सीटीसी

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार शिक्षा जगत

’’मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः’’

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के 29 विद्यार्थियों का चयन आईसीआईसीआई बैंक के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 5.50 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी का अवसर मिलेगा। यह प्लेसमेंट ड्राइव वर्ष 2027 में उत्तीर्ण होने वाले बीबीए, बीकॉम, बीसीए और बीए के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग द्वारा आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन के पहले चरण में एप्टीट्यूड टेस्ट लिया गया, जिसके आधार पर 86 विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए चुना गया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 विद्यार्थियों ने अंतिम चयन में जगह बनाई। बैंकिंग क्षेत्र में रिलेशनशिप मैनेजर का पद ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को समझने, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देने और ग्राहक संबंधों को मजबूत बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इस पद पर चयन विद्यार्थियों को अपने पेशेवर करियर की शुरुआत करने का अवसर प्रदान करेगा।

सरला बिरला विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट विभाग विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रयासरत है। वर्ष 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्लेसमेंट अभियान में भी कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया था। इनमें ईवाई, बिड़ला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, शोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आरआर केबल लिमिटेड, एओ स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड शामिल हैं। आईसीआईसीआई बैंक में विद्यार्थियों के चयन पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतिष्ठित बैंक में चयन से विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। वहीं, विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *