’’झारखंड वित्त सेवा संघ के नए पदाधिकारियों का निर्वाचन, उज्जवल मिंज अध्यक्ष और अनिर्वाण आईज महासचिव बने, विभागीय सुधार और पदोन्नति की मांग उठी’’

Jharkhand झारखण्ड देश बिहार राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची:झारखंड वित्त सेवा संघ के पदाधिकारियों का निर्वाचन राजधानी रांची में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद संघ के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें उज्ज्वल मिंज को अध्यक्ष, अर्निवाण आईज को महासचिव , नरेन्द्र कुमार को उपाध्यक्ष तथा सुनील कुमार सिन्हा को संयुक्त सचिव चुना गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के चयन पर संघ के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा वित्त सेवा अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। निर्वाचन के बाद आयोजित बैठक में संघ के सदस्यों ने विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सर्वसम्मति से यह मांग उठाई गई कि झारखंड वित्त सेवा संघ का शीघ्र पंजीकरण कराया जाए, ताकि संगठन को विधिक मान्यता प्राप्त हो सके और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को अधिक प्रभावी ढंग से सरकार तथा विभाग के समक्ष रखा जा सके।

बैठक में वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की लंबित पदोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से अनेक अधिकारी पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ ने राज्य सरकार और विभागीय प्रशासन से मांग की कि पदोन्नति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि योग्य अधिकारियों को उनका अधिकार मिल सके और विभागीय कार्यों में नई ऊर्जा का संचार हो।
इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग की आधारभूत संरचनाओं के विकास की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में विभागीय कार्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का अभाव है। कई कार्यालयों में पर्याप्त भवन, तकनीकी संसाधन, बैठने की समुचित व्यवस्था और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इससे विभागीय कार्यों के निष्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संघ ने सरकार से मांग की कि विभागीय कार्यालयों को आधुनिक बनाया जाए तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए आवश्यक बजटीय प्रावधान किए जाएं।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष उज्ज्वल मिंज ने कहा कि संघ अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का प्राथमिक उद्देश्य विभागीय कार्य संस्कृति को बेहतर बनाना, अधिकारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकार और विभाग के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करना होगा। महासचिव अर्निवाण आईज ने कहा कि संघ सभी सदस्यों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा और विभागीय सुधारों के लिए रचनात्मक पहल करेगा। वहीं संयुक्त सचिव सुनील कुमार सिन्हा ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग राज्य के राजस्व संग्रह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए विभाग की आवश्यकताओं और अधिकारियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा विभागीय हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *