
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन आगामी 6 और 7 जून को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे राजधानी रांची में युवाओं, प्रबुद्धजनों, सामाजिक प्रतिनिधियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वहीं शक्तिपीठ रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिका के दर्शन का आर्शिवाद भी नीतिन नबीन प्राप्त करेंगें। भाजपा सांसद प्रदीप वर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इससे झारखंड में भाजपा के जनसंपर्क अभियान को नई गति मिलेगी।
सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र संवाद और सहभागिता है। इसी सोच के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया कि रांची में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवा, शिक्षाविद, डॉक्टर, अधिवक्ता, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी वर्ग तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष समाज के विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं, सुझावों और विचारों को जानने का प्रयास करेंगे। जानकारी के अनुसार, दौरे का प्रमुख आकर्षण युवाओं के साथ आयोजित होने वाला विशेष संवाद कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक, कौशल विकास और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि देश की सबसे बड़ी ताकत युवा शक्ति है और उनके विचारों को नीति निर्माण तथा संगठनात्मक गतिविधियों में उचित स्थान मिलना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रबुद्धजन सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान राज्य और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। भाजपा का प्रयास है कि समाज के जागरूक और अनुभवी वर्ग के सुझावों को संगठन की भावी योजनाओं में शामिल किया जाए।
सांसद प्रदीप वर्मा ने बताया कि नीतिन नवीन का यह दौरा केवल संवाद कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा होगी। संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों और लक्ष्यों के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। भाजपा नेतृत्व झारखंड में अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही जनसेवा और जनसंपर्क का आधार होता है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी भी इस दौरे को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जायेगा।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। झारखंड में भाजपा विपक्ष की भूमिका में रहते हुए लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रही है। ऐसे समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष का राज्य दौरा संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का काम करेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दौरे के माध्यम से भाजपा राज्य में अपनी सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को और मजबूत करने का संदेश देगी।
सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा देशभर में संगठन विस्तार और जनसंवाद अभियान को आगे बढ़ा रही है। झारखंड में उनका यह दो दिवसीय प्रवास पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक होगा और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ भाजपा के संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि रांची में होने वाले संवाद कार्यक्रम राज्य की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र में रहेंगे तथा इनके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
