

रांची: भाजपा ने जेएमएम के बदलाव यात्रा को लेकर अब तीखे प्रहार कर रही हैै। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण भाजपा और झामुमो आमने सामने दिख रहे हैं। जेएमएम के मजबूत गढ़ कहे जानेवाले संथाल से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बदलाव यात्रा की शुरूआत की है। जेएमएम भी पूरी तरह से आक्रामक मुद्रा में दिखाई दे रहा है। जेएमएम के नेताओं ने भी भाजपा नेताओं के बयान पर वार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा के महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि झामुमो नेता हेमंत सोरेन बताएं कि क्या वह अपनी बदलाव यात्रा से परिवारवाद और वंशवाद को बदलना चाहते हैं। पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन प्रदेश में नकारात्मक बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन पर बोलते हुए प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस आईपीएस रौब से उबर नहीं पाई है। कांग्रेस के केंद्रीय आलाकमान को प्रदेश नेतृत्व पर भरोसा नहीं है, इसी कारण जंबोजेट कार्यकारी अध्यक्षों की टीम बनाई गई। उन्होंने कहा- दरअसल कांग्रेस अपनी कार्य संस्कृति से उबर नहीं पा रही है। दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि झारखंड के विकास से झामुमो को कुछ भी लेना-देना नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि झामुमो कैसा बदलाव चाहता है? क्या यह बदलाव परिवारवाद, वंशवाद को बढ़ाने के लिए, क्या राज्य को अस्थिर करने के लिए, क्या भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए, क्या जल जंगल और जमीन को लूटने के लिए, क्या वोट बैंक और तुष्टिकरण के लिए, क्या राज्य के शहीदों को अपमानित करने के लिए, क्या लोकतंत्र के मंदिर संसद और विधानसभा को अपमानित करने के लिए, क्या खोखले वायदों के लिए, आखिर कैसा बदलाव हेमंत सोरेन चाहते हैं, उन्हें यह बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेएमएम को बदलाव ही करना है तो परिवार कि पार्टी से जनता की पार्टी बनकर अपने दल में बदलाव करें। झारखंड आंदोलन के कार्यकर्ता आज जेएमएम से निराश हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के लोग और झामुमो के कार्यकर्ता भी हेमंत सोरेन की नीति और नीयत को समझ चुके हैं। विधानसभा चुनाव में दुमका से हेमंत सोरेन और लोकसभा चुनाव में झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को वहां की जनता सबक सीखा चुकी है। गुरुजी के साथ झारखंड आंदोलन में हिस्सा लेने वाले कार्यकर्ता भी आज जेएमएम से निराश हो चुके हैं। प्रकाश ने दावा किया कि राज्य की जनता डबल इंजन की सरकार से खुश है। जनता ने 2014 में ही स्थिरता और विकास के लिए भाजपा को समर्थन दिया था। भाजपा सरकार तीव्र विकास के लिए कृत संकल्पित है। वहीं जेएमएम के नेता विनोद पांडे ने कहा है कि भाजपा जेएमएम के बदलाव यात्रा से परेशान है क्योंकि जनता के बीच बदलाव की लहर दिखायी दे रही है। जनता को भाजपा ने झूठे सपने दिखाये हैं और झूठे वादे किये हैं जो परत दर परत जनता को दिखायी दे रहे हैं। इसलिये भाजपा के नेता परेशान हैं। जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को धूल चटायेगी।
