
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: रांची शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने तथा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से निर्मित दो आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का सोमवार को लोकार्पण किया गया। रातू रोड स्थित ओटीसी ग्राउंड तथा इटकी रोड स्थित झारखंड नर्सरी के समीप बने इन पुलिस पोस्ट का उद्घाटन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विधायक नवीन जायसवाल एवं रांची की महापौर रोशनी खलखो के साथ संयुक्त रूप से किया। इसके बाद दोनों ट्रैफिक पुलिस पोस्ट पुलिस प्रशासन को समर्पित करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी चाबी सौंपी गई। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे वर्षभर भीषण गर्मी, मूसलाधार बारिश, कड़ाके की ठंड और अन्य प्रतिकूल मौसम के बीच सड़क पर खड़े होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे समर्पित पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ सांसद निधि से इन दोनों आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का निर्माण कराया गया है। इन पुलिस पोस्ट में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से सुरक्षा मिलेगी। साथ ही उन्हें बैठने, आवश्यक दस्तावेजों के रखरखाव और यातायात संचालन से संबंधित कार्यों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी और वे अधिक प्रभावी ढंग से यातायात व्यवस्था का संचालन कर सकेंगे।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात नियंत्रित करने का कार्य नहीं करती, बल्कि सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए उनके कार्यस्थल को सुविधाजनक बनाना सुशासन और बेहतर नागरिक सेवाओं की दिशा में एक आवश्यक कदम है। उन्होंने कहा कि जनसेवा में निरंतर जुटे पुलिसकर्मियों के सम्मान और उनकी कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम के दौरान विधायक नवीन जायसवाल और महापौर रोशनी खलखो ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट बनने से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने भी सांसद निधि से निर्मित इन ट्रैफिक पुलिस पोस्ट के लिए रक्षा राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे ड्यूटी पर तैनात जवानों को प्रतिकूल मौसम से राहत मिलेगी तथा वे अधिक सुरक्षित वातावरण में अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे। लोकार्पण समारोह में राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री बलराम सिंह, राजू सिंह, संजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडा, पार्षद अजीत भगत, मुकेश काबरा, तरुण जायसवाल, रवि मेहता, उमेश यादव, ओम प्रकाश पांडेय, सुबेश पांडेय, संजीव चौधरी, मंटू केसरी, देवन होंडा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही दोनों ट्रैफिक पुलिस पोस्ट विधिवत पुलिस प्रशासन को समर्पित कर दिए गए।
