
मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: झारखंड में लागातार कोरोना का कहर जारी है और रोज नये मरीजों के मिलने से राज्य सरकार की ही नहीं बल्कि झारखंडी जनता भी डर के साये में है। आज झारखंड में कोरोनावायरस के 371 नए पॉजिटिव केस मिले हैं जबकि 7 लोगों की मौत हुई है। आज 115 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। रांची के रिम्स अस्पताल में आज कुल 1076 सैंपलों की जांच की गई जिसमें से 1042 सैंपल निगेटिव पाए गए। 33 पॉजिटिव में से रिम्स से 11, गढ़वा से 2, पलामू से 10 और रांची से 10 पॉजिटिव केस मिले हैं। इससे पहले बुधवार को झारखंड में 541 मरीज मिले थे और 8 लोगों की मौत हुई थी। झारखंड में अब तक कोरोना के मामले 10 हजार से अधिक हो गए हैं। इसके अलावा 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। झारखंड में लगातार कोरोना पॉजिटिव मामले बढ़ते जा रहे हैं। रांची में सबसे अधिक सक्रिय केस हैं।गुरुवार को भी राज्य में सात कोरोना मरीजों ने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया। वहीं, गुरुवार को भी शाम तक 371 नए मरीजों की पहचान हो चुकी थी। इससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर छह हजार से अधिक हो गई है। गुरुवार को रिम्स कोविड अस्पताल में तीन मरीजों की मौत हो गई। इनमें से एक चतरा तथा दो रांची के हेहल तथा सुखदेवनगर चूना भट्ठा के निवासी थे। रांची के ही पारस अस्पताल में लोहरदगा के एक व्यवसायी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। दूसरी तरफ, चक्रधरपुर के रेलवे अस्पताल में भी एक कोरोना मरीज की मौत हुई। यह मरीज बुधवार की देर रात साढ़े 12 बजे ही भर्ती हुआ था।वहीं, जमशेदपुर में भी दो मरीजों की मौत की सूचना है। वहीं, राज्य के लगभग सभी जिलों में कमोबेश नए संक्रमित की पहचान हुई। शाम तक ही ऐसे 371 मामले सामने आ चुके थे, जबकि अधिसंख्य जगहों से रिपोर्ट अभी आनी बाकी थी। इधर, राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर अब 6,214 हो गई है। वहीं 31 मार्च से लेकर अबतक कोरोना के कुल मामले 10,399 पहुंच गए हैं। हालांकि इनमें 4,061 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 124 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण कई स्थानों से लाॅक डाउन की मांग बढ़ती जा रही है। जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि राज्य में लाॅक डाउन करने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है । लाॅक डाउन के कारण लोगों में बेरोजगारी की समस्या बढ़ सकती है।
