
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी की जा रही है। असामाजिक तत्व कार्यक्रम में व्यवधान न डालें, इसे देखते हुए झारखंड पुलिस की रैपिड एक्शन पुलिस (रैप) तो मौजूद रहेगी ही, रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) की भी जरूरत है। पुलिस मुख्यालय के आग्रह पर राज्य सरकार ने केंद्र से पत्राचार किया है और दो कंपनी रैफ के जवानों को मांगा है, ताकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चैबंद किया जा सके। कार्यक्रम के पूर्व एसपीजी के अधिकारी व जवानों ने पूरे कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा संबंधित जो भी तैयारियां की जा रही हैं, सब एसपीजी के निर्देशन में की जा रही है ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कोई व्यवधान न हो। वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को झारखंड की राजधानी रांची में कराने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से झारखंड की जनता का सम्मान करना बताया है। मुख्यमंत्री योग दिवस पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने आज राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान पहुंचे। मुख्यमंत्री ने योग दिवस की तैयारियों को लेकर काफी संतुष्ट दिखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची के इस मैदान में हजारों लोगों के साथ योग करेंगे।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रभात तारा मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। वहीं राज्य सरकार के अधिकारियों ने पूरी तरह से कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियां पूरी बतायी है। इसके पूर्व आज योग दिवस के कार्यक्रम को लेकर लोगों ने योग भी किया।
