सी-डैक और सरला बिरला विश्वविद्यालय के बीच सहयोग पर बनी सहमति,विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के साथ नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकी तथा उद्योग-केंद्रित विषयों पर सहयोग स्थापित होगा

Jharkhand झारखण्ड देश शिक्षा जगत


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सिक्योरिटी, एडवांस्ड तथा क्वांटम कंप्यूटिंग सहित समकालीन एवं अत्यंत महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग के लिए सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के साथ करार करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में गुरुवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. श्रीधर डांडिन तथा सी-डैक के वैज्ञानिक एवं प्रतिनिधि अभिनव दीक्षित (सेंटर हेड) और साकेत कुमार झा के बीच विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के उपरांत दोनों संस्थानों के बीच सहयोगात्मक पहल को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

सी-डैक द्वारा देशभर के विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के साथ नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकी तथा उद्योग-केंद्रित विषयों पर सहयोग स्थापित किया जा रहा है। इसी क्रम में सरला बिरला विश्वविद्यालय का चयन किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान, परियोजनाओं तथा कौशल विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे। उल्लेखनीय है कि सी-डैक द्वारा संचालित केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं उद्योगोन्मुखी अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्रों की रोजगार क्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी परियोजनाओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस सहमति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *