मोरहाबादी में सजा कारोबार और मनोरंजन का संगम, जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 का आगाज,राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया सात दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर दिया जोर

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति व्यापारिक गतिविधियां


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान गुरुवार से कारोबार, उद्यमिता और मनोरंजन के रंग में रंग गया। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई की ओर से आयोजित सात दिवसीय ’’‘एक्सपो उत्सव 2026’’’ का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। एक से सात अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के उत्पादों, बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल और स्थानीय कारोबारियों को एक मंच पर लाया गया है। एक्सपो में करीब 400 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां खरीदारी के साथ लोगों को विभिन्न उत्पादों और नई कारोबारी संभावनाओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड के स्थानीय उत्पादों में संभावनाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के साथ बड़े बाजार तक पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि राज्य के उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के लिए उत्पादन के साथ-साथ पैकेजिंग, मार्केटिंग और तकनीकी नवाचार पर भी ध्यान देना होगा। राज्यपाल ने झारखंड की पहचान से जुड़े ’’तसर सिल्क’’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह तसर को विशिष्ट पहचान मिली है, उसी तरह राज्य के दूसरे स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को भी सामने लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से छोटे कारोबारियों और कारीगरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने उद्यमिता को आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है।

युवाओं को सही मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो वे अपने विचारों को सफल उद्यम में बदल सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है। अब छोटे उद्यम भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने उत्पादों को देश के विभिन्न हिस्सों और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकते हैं। हालांकि इसके लिए उत्पाद की गुणवत्ता और ग्राहक का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक सीखने, प्रयोग करने और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि किसी भी कारोबार की सफलता केवल मुनाफे से नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी से भी तय होती है। ग्राहक का विश्वास व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है। उद्यमियों को अपने कारोबार के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी योगदान देना चाहिए।

एक्सपो उत्सव में देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशी उत्पादों की भी झलक देखने को मिल रही है। करीब 400 स्टॉल में विदेशी ड्राय फ्रूट्स, बच्चों के खिलौने, ऑटोमोबाइल, उपभोक्ता उत्पाद, बड़े ब्रांड और स्टार्टअप से जुड़े उत्पाद शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि एक्सपो कारोबारियों के लिए बाजार विस्तार का अवसर उपलब्ध कराने के साथ उपभोक्ताओं को अलग-अलग उत्पाद एक ही परिसर में उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा। एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिनों के आयोजन में विभिन्न शहरों से कारोबारी, ब्रांड और स्टार्टअप भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपो को व्यापार के साथ परिवार और युवाओं के लिए मनोरंजन का भी प्रमुख केंद्र बनाया गया है। एक्सपो परिसर में प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएं और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ’’जूनियर मास्टरशेफ, चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट, तंबोला, डॉग शो, वॉइस ऑफ एक्सपो, एक्सपो टैंक, डांस और योग प्रतियोगिता’’ प्रमुख हैं। बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक सभी वर्गों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार एक्सपो में प्रवेश शुल्क 30 रुपये निर्धारित किया गया है और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। शनिवार को आम नागरिकों के लिए एक्सपो रात नौ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा। मोरहाबादी मैदान में शुरू हुआ यह एक्सपो आने वाले सात दिनों तक रांची में व्यापार, खरीदारी, मनोरंजन और उद्यमिता का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादों और नए उद्यमियों को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में भी यह आयोजन एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *