समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ थे रामगोविन्द चौधरी –सपा, रांची में श्रद्धांजलि सभा, झारखंड समाजवादी के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव के नेतृत्व में जुटे पार्टी नेता

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति

oplus_148897792

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और विपक्ष के नेता रहे स्वर्गीय रामगोविन्द चौधरी को महान समाजवादी नेता बताते हुए उनकी राजनीतिक और सामाजिक भूमिका को याद किया। राजधानी रांची में झारखंड समाजवादी के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन समाजवादी विचारधारा, गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती देने में लगाया। वे संघर्ष और सादगी की राजनीति के लिए जाने जाते थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहते हुए उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

झारखंड समाजवादी के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी का निधन समाजवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा आम जनता के सवालों को प्राथमिकता दी। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ी के समाजवादियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।रामगोविन्द चौधरी का राजनीतिक सफर सामान्य कार्यकर्ता से लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता तक पहुंचा। वे आठ बार विधायक रहे और तीन बार उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इसके बावजूद उनकी पहचान सत्ता से अधिक समाजवादी मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध नेता के रूप में रही। उन्होंने कहा कि समाजवादी राजनीति का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाना है। रामगोविन्द चौधरी ने इसी सोच के साथ राजनीति की और लंबे समय तक जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान कायम रखी। उनके जीवन से कार्यकर्ताओं को संघर्ष, सादगी और जनसेवा की सीख मिलती है।

सभा में पार्टी नेताओं ने कहा कि आज की राजनीति में विचारधारा आधारित और जनसरोकार से जुड़ी राजनीति की जरूरत पहले से अधिक है। ऐसे समय में रामगोविन्द चौधरी जैसे नेताओं का जीवन समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है। उनके अधूरे कार्यों और समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव मुस्तफा अंसारी ने कहा कि रामगोविन्द चौधरी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम माना। उन्होंने वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठायी। उनके निधन से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित समाजवादी नेता खो दिया है।
रांची जिलाध्यक्ष रामप्रसाद गोप ने भी रामगोविन्द चौधरी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और प्रतिबद्धता की मिसाल था। सुरेन्द्र कुमार कालिन्दी सहित अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उनके विचारों और समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर कांके विधानसभा के प्रत्याशी सुरेन्द्र कालंदी सहित कई प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *