’’इंटर्नशिप के लिए पुणे रवाना हुए एमबीआईएनसीटी के 28 विद्यार्थी, छह माह तक मिलेगा अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रशिक्षण’’

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार शिक्षा जगत


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लीनिकल टेक्नोलॉजी (एमबीआईएनसीटी) के 28 विद्यार्थी छह माह की क्लीनिकल इंटर्नशिप के लिए मंगलवार को पुणे स्थित आदित्य बिरला मेमोरियल हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। संस्थान की ओर से आयोजित विदाई कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। संस्थान प्रबंधन ने बताया कि छह माह की इस क्लीनिकल इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, अत्याधुनिक चिकित्सकीय तकनीकों और रोगी-केंद्रित देखभाल प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को अस्पताल की वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की चुनौतियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे उनके पेशेवर कौशल में वृद्धि होगी और भविष्य में वे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थी अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग विशेषज्ञों एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों में कार्य करेंगे। इस दौरान उन्हें रोगियों की देखभाल, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के उपयोग, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, टीम वर्क तथा अस्पताल प्रशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यवहारिक जानकारी भी दी जाएगी। संस्थान का मानना है कि इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विद्यार्थियों को रवाना करने के अवसर पर महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लीनिकल टेक्नोलॉजी की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने कहा कि क्लीनिकल इंटर्नशिप नर्सिंग शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में मरीजों की सेवा करने का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ प्रशिक्षण पूरा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर नर्सिंग एडमिनिस्ट्रेटर आशुतोष द्विवेदी, उप-प्राचार्या डॉ. मीनल श्वेता, श्रीमती निरोलिन कुल्लू तथा सुश्री अंजना मसीह भी उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों को सफल प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हुए संस्थान का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद एवं निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी विद्यार्थियों के लिए शुभकामना संदेश भेजा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदित्य बिरला मेमोरियल हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा देगा। साथ ही वहां अर्जित ज्ञान, अनुभव और व्यावहारिक दक्षता के आधार पर वे भविष्य में समाज को गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि उद्योग और स्वास्थ्य क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना एमबीआईएनसीटी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *