राजनीतिक दलों से यादव समाज को उचित भागीदारी देने की मांग, गरीब बेटियों के सामूहिक विवाह का खर्च उठाएगी झारखंड प्रदेश यादव महासभा

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश बिहार राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: झारखंड प्रदेश यादव महासभा की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को राजधानी रांची में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक सरोकारों और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद यादव और कार्यकारी अध्यक्ष रामाशीष यादव ने राजनीतिक दलों से यादव समाज को उसकी जनसंख्या और सामाजिक योगदान के अनुरूप सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति में यादव समाज की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है, लेकिन उसे अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद यादव ने कहा कि यादव समाज सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। इसके बावजूद विधानसभा, लोकसभा, स्थानीय निकायों और विभिन्न राजनीतिक पदों पर समाज को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आगामी चुनावों में यादव समाज के योग्य और कर्मठ प्रतिनिधियों को टिकट देने तथा संगठन और सरकार में भी उचित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। इसी क्रम में कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह का खर्च झारखंड प्रदेश यादव महासभा वहन करेगी।
कार्यकारी अध्यक्ष रामाशीष यादव ने कहा कि महासभा समाज के अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। इसके लिए जल्द ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्यक्रम की तिथि घोषित की जाएगी। वहीं महासभा के महासचिव इंद्रजीत यादव ने कहा है कि महासभा का संगठन सभी जिलों में मजबूत किया जायेंगा।

बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर भी चर्चा हुई। महासभा के पदाधिकारियों ने यादव समाज के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी आवश्यक है। इसलिए किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं देना चाहिए।

बैठक में संगठन के विस्तार, जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महासभा सामाजिक एकता, शिक्षा, रोजगार और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। कोर कमेटी के सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने समाज की एकजुटता बनाए रखने, सामाजिक सेवा के कार्यों को गति देने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जामताड़ा से दिनेश यादव, शिवकुमार यादव, बनारस प्रसाद यादव, पिंकी यादव सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने अपने विचार रखें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *