

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से ऑड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और दिनेश सोनी ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ बिहार के फोटो जर्नलिस्टों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी में करीब 200 तस्वीरें लगाई गई हैं। इनमें झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता के साथ खेल, जनजीवन और विभिन्न घटनाओं से जुड़ी तस्वीरें शामिल हैं। तस्वीरों के माध्यम से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों की जीवनशैली, संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक परिस्थितियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विशेष आकर्षण यह रहा कि झारखंड सरकार के मंत्री, आइपीएस अधिकारी और कई गणमान्य लोगों ने भी अपने कैमरे से खींची तस्वीरों को प्रदर्शनी में शामिल कराया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी रमेश सिंह ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट समाज का ऐसा आईना हैं, जो तस्वीरों के माध्यम से पूरी दुनिया को सच्चाई दिखाने का काम करते हैं। एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के फोटो जर्नलिस्ट अपनी तस्वीरों के माध्यम से राज्य की वास्तविक तस्वीर देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि पुराने दौर के फोटो जर्नलिस्ट काफी समझ-बूझ और मेहनत के साथ तस्वीरें खींचते थे। वर्तमान समय में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच फोटो जर्नलिस्टों के सामने तस्वीरों की विश्वसनीयता और मौलिकता बनाए रखने की चुनौती बढ़ी है। युवाओं को तकनीक के साथ फोटोग्राफी की बारीकियों को भी समझना होगा। ब्लू फेडरेशन के निदेशक पंकज सोनी ने कहा कि इस तरह की फोटो प्रदर्शनी और कार्यशाला नए फोटोग्राफरों के लिए काफी उपयोगी है। इससे उन्हें तस्वीर लेने से पहले आवश्यक बातों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से उन्हें भी फोटोग्राफी से जुड़ी कई नई बातें सीखने को मिलीं। सुबह से लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारिता की बारीकियों को समझा। दर्शकों ने अलग-अलग तस्वीरों की सराहना करते हुए फोटो जर्नलिस्टों और प्रतिभागियों के प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान वामस इंस्टीट्यूट की ओर से झारखंडी थीम पर फैशन शो का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की कला-संस्कृति, परंपरा और लोक जीवन को मंच पर जीवंत किया। फैशन शो को दर्शकों ने खूब पसंद किया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। दिनभर रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे। आयोजकों के अनुसार बुधवार को प्रदर्शनी के दूसरे दिन फोटो प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन शाम पांच बजे होगा। एसोसिएशन ने आम लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर फोटो जर्नलिस्टों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
