

Mukhar samvad के लिए शिल्पी यादव की रिपोर्ट
*******************************************
रांची: राजधानी रांची में आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा “महिला आक्रोश मार्च” का आयोजन किया जा रहा है। यह मार्च शहर के प्रमुख मोराबादी मैदान से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पैदल निकाला जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आज राजधानी रांची में महिला आरक्षण विधेयक के पारित नहीं होने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बीजेपी ने राज्य में बड़ा सवाल खड़ा किया हैl
बीजेपी नेताओं के अनुसार, यह आक्रोश मार्च राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध, सुरक्षा व्यवस्था में कथित कमी और सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि महिलाओं की राजनीति में आरक्षण को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है, जिसके कारण आए दिन छेड़छाड़, दुष्कर्म और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जागरूकता फैलाने और सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह मार्च निकाला जा रहा है।
मार्च में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मोराबादी मैदान में एक सभा के साथ होगी, जहां पार्टी के नेता महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। इसके बाद सभी कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएंगे। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने दावा किया है कि इस मार्च में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी होंगी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इसे महिलाओं की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। उनका कहना है कि जब तक राज्य में महिलाओं को सुरक्षित माहौल नहीं मिलेगा, तब तक इस तरह के आंदोलन जारी रहेंगे।
वहीं, प्रशासन की ओर से भी इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
राजनीतिक दृष्टिकोण से भी इस मार्च को काफी अहम माना जा रहा है। आगामी चुनावों को देखते हुए बीजेपी इस मुद्दे के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है। वहीं विपक्षी दलों ने इसे महज राजनीतिक स्टंट करार दिया है और कहा है कि बीजेपी केवल मुद्दों को भुनाने का काम कर रही है।
कुल मिलाकर, राजधानी रांची में आज होने वाला यह महिला आक्रोश मार्च न केवल कानून-व्यवस्था के मुद्दे को केंद्र में ला रहा है, बल्कि राजनीतिक सरगर्मी को भी तेज कर रहा है। अब देखना होगा कि इस प्रदर्शन का राज्य की राजनीति और सरकार पर कितना असर पड़ता है।
