

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य विभाग को युवाओं के बीच अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। मंत्री की इस घोषणा के बाद खेल और स्वास्थ्य जगत में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।
क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी, अद्भुत प्रतिभा और कम उम्र में ही पूरे देश को प्रभावित करने वाले युवा क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, -वैभव, भले ही आपकी टीम मैच हार गई हो, लेकिन आप करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो। मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता से सामना करते हुए लगातार धुनाई करना, यह असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। आपने केवल अपना नाम ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है। इसके लिए तुम्हें दिल से बधाई देता हूं। जल्द ही मैं तुम्हें झारखंड में सम्मानित करूंगा।
उन्होंने कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय लिख रहा है। वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की जीवंत मिसाल हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया है।डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर देशभर में पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियां लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग चाहता है कि वैभव युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनने का संदेश दें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज के दौर में युवाओं के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में कई महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। वैभव सूर्यवंशी जैसे लोकप्रिय युवा चेहरे के जुड़ने से इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। डॉ. अंसारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग शीघ्र ही वैभव सूर्यवंशी को औपचारिक रूप से ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके बाद वे राज्य में चलाए जाने वाले विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों का हिस्सा बनेंगे। विशेष रूप से किशोरों और युवाओं को स्वास्थ्य, पोषण, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए उनकी सेवाएं ली जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से काफी प्रभावित किया है। स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले समय में भारत का नाम विश्व क्रिकेट में नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और देश को उन पर लंबे समय तक गर्व रहेगा।
