
मुखर संवाद के रिपोर्टः-
रांची: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता और उद्योगोन्मुखी शिक्षा के लिए पहचान बना चुके सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के वर्ष 2025-26 के प्लेसमेंट अभियान में अब तक 415 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में चयन हो चुका है। खास बात यह है कि इस वर्ष दो विद्यार्थियों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी कंपनी में 32.50 लाख रुपये तक के वार्षिक पैकेज के साथ अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति मिली है, जो विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग द्वारा ऑनलाइन, ऑन-कैंपस और पूल कैंपस मोड में लगातार भर्ती अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि इंजीनियरिंग, प्रबंधन, वाणिज्य, विज्ञान और अन्य संकायों के विद्यार्थियों को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। प्लेसमेंट अभियान अभी भी जारी है और कई बड़ी कंपनियों में चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस वर्ष विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट अभियान में अनेक अग्रणी राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया। इनमें ईवाई, बिरला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, जी एयरोस्पेस, एक्सिस बैंक, बर्जर पेंट्स, एशियन पेंट्स, सिएट टायर्स, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड, इंडस टावर्स, टेक महिंद्रा, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, क्रॉस लिमिटेड, अरविंद फैशंस, इन्फो एज सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया, जिससे विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट रिकॉर्ड को नई ऊंचाई मिली। प्लेसमेंट अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि बी.टेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) 2022-2026 बैच के दो विद्यार्थियों का अंतरराष्ट्रीय चयन रहा। छात्र अभिराज आर्यन को संयुक्त अरब अमीरात की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी कंपनी यूरुसिस में प्रति वर्ष एईडी 1,24,400 (लगभग 32.50 लाख रुपये) का आकर्षक पैकेज प्राप्त हुआ है। वहीं, छात्र शशांक पांडेय को इसी कंपनी में एईडी 1,18,400 (लगभग 31 लाख रुपये) वार्षिक वेतन पर नियुक्ति मिली है। दोनों विद्यार्थियों को वेतन के अतिरिक्त लगभग 39 लाख रुपये का बीमा कवर भी प्रदान किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल इन दोनों विद्यार्थियों के लिए, बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है और यह दर्शाती है कि एसबीयू के विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्लेसमेंट अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। वर्तमान में कॉग्निजेंट, टीसीएस, विप्रो, सेजिलिटी, वेबक्रॉप्स सर्विसेज इंडिया, टेक महिंद्रा और अपर्णा कंस्ट्रक्शंस जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं। कई कंपनियों के अंतिम परिणाम आने बाकी हैं, जिससे चयनित विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में किसी भी विश्वविद्यालय की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण पैमाना उसकी प्लेसमेंट व्यवस्था होती है। जिस संस्थान के विद्यार्थी प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर पैकेज के साथ चयनित होते हैं, वहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों के साथ मजबूत तालमेल का स्पष्ट प्रमाण मिलता है। सरला बिरला विश्वविद्यालय ने इसी दिशा में लगातार कार्य करते हुए उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम, तकनीकी प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और रोजगारोन्मुखी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट विभाग नियमित रूप से मॉक इंटरव्यू, समूह चर्चा, तकनीकी प्रशिक्षण, एप्टीट्यूड टेस्ट, सॉफ्ट स्किल्स डेवलपमेंट और करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित करता है। इन गतिविधियों के कारण विद्यार्थी न केवल लिखित परीक्षाओं और साक्षात्कार के लिए बेहतर तरीके से तैयार होते हैं, बल्कि कॉर्पाेरेट जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को विकसित भी कर पाते हैं।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद एवं निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय की उद्योग-केंद्रित शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में विश्वविद्यालय प्लेसमेंट के क्षेत्र में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। लगातार बढ़ती कंपनियों की भागीदारी, अंतरराष्ट्रीय अवसरों की उपलब्धता और 415 से अधिक विद्यार्थियों के सफल प्लेसमेंट ने यह साबित कर दिया है कि सरला बिरला विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुखी शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उद्योग जगत के साथ सुदृढ़ साझेदारी, आधुनिक शिक्षण पद्धति और कौशल विकास पर विशेष जोर के कारण एसबीयू आज न केवल झारखंड, बल्कि पूर्वी भारत के उभरते हुए प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाकर सफल करियर की दिशा में आगे बढ़ाना है।
