छात्रों के मुद्दे पर भाजपा का चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन कल से, 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव करेगी पार्टी, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष समेत कई बड़े नेता संभालेंगे मोर्चा

Jharkhand उत्तरप्रदेश झारखण्ड देश राजनीति


मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा का चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन मंगलवार से शुरू होगा। 8 से 11 सितंबर तक पार्टी राज्य के 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव करेगी। भाजपा ने विभिन्न जिलों में आंदोलन की कमान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने सोमवार को बताया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और जिलावार संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू 8 सितंबर को रांची, 9 सितंबर को सरायकेला और 11 सितंबर को खूंटी में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी 8 सितंबर को दुमका, 9 को पाकुड़, 10 को साहिबगंज और 11 सितंबर को गोड्डा में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास 8 सितंबर को हजारीबाग, 10 को धनबाद और 11 सितंबर को लोहरदगा में मोर्चा संभालेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा 8 सितंबर को जमशेदपुर, 9 सितंबर को बोकारो और 11 सितंबर को रामगढ़ में आंदोलन में शामिल होंगे। एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव 9 सितंबर को सिमडेगा, 10 सितंबर को गुमला और चाईबासा तथा 11 सितंबर को गिरिडीह में प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 8 सितंबर को गढ़वा में मौजूद रहेंगे।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय 10 सितंबर को चतरा और 11 सितंबर को जामताड़ा, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश 9 सितंबर को पलामू और 10 सितंबर को लातेहार में आंदोलन में शामिल होंगे। मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल 9 सितंबर को कोडरमा और पूर्व मंत्री नीरा यादव 11 सितंबर को देवघर के कार्यक्रम में शामिल होंगी। अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रदर्शन होगा। 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन होगा। 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा तथा 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में प्रदर्शन और घेराव का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि पिछले दिनों पार्टी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का अल्टीमेटम दिया था। उनके अनुसार, सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के बाद पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों की न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। भाजपा ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिलावार संयोजकों की भी जिम्मेदारी तय की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *