17 लाख के अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का कुरियर गिरफ्तार, दिल्ली भेजी जा रही थी अवैध अफीम की खेप

Jharkhand अपराध झारखण्ड देश राजनीति


चतरा : नशे के सौदागरों और अफीम तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 17 लाख रुपये मूल्य के 2 किलो 900 ग्राम गिला अवैध अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के एक कुरियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिक्किद गांव निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी नें बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-जोरी की ओर से एक युवक सवारी टेम्पु में अवैध अफीम लेकर गया जी (बिहार) होते हुए राजधानी दिल्ली जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम नें झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित गोसाईडीह के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। एसपी नें बताया कि वाहन जांच के दौरान एक सवारी टेम्पु को रोकते ही उसमें बैठा युवक काले रंग का पीठू बैग लेकर भागने लगा। जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 2 किलो 900 ग्राम गिला अफीम, दो मोबाइल फोन तथा 1200 रुपये नगद बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक को बड़े अफीम माफियाओं द्वारा कुरियर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। दिल्ली पहुंचने के बाद मोबाइल के माध्यम से उसे आपूर्ति स्थल और खरीदार की जानकारी दी जानें वाली थी।

उन्होंने कहा कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं तथा आपूर्तिकर्ता की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी नें कहा कि चतरा के तस्करों के तार दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा तक जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई राज्यों में अफीम की आपूर्ति कर चुका है। उन्होंने तस्करों को चेताते हुए कहा कि तस्करों और माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान में एसडीपीओ चतरा सदर संदीप कुमार सुमन के अलावे इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *